प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का किया लोकार्पण

देहरादून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखण्ड की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि स्टेशन का नया स्वरूप दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान देकर आधुनिकता और संस्कृति का सुंदर समन्वय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिकता, सुरक्षा और तकनीकी दक्षता के नए युग में प्रवेश कर चुकी है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक स्वदेशी ट्रेनें आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बन रही हैं।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जिससे पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल संपर्क का सपना तेजी से साकार हो रहा है। यह परियोजना राज्य के सामाजिक, आर्थिक और पर्यटन विकास को नई दिशा देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से यात्रियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिली है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष उत्तराखण्ड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट दिया है, जबकि राज्य में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), जनप्रतिनिधि, भारतीय रेलवे एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
