व्यावसायिक प्रशिक्षकों के भविष्य से खिलवाड़, मंत्री धन सिंह की उदासीनता पर जन संघर्ष मोर्चा का हमला

व्यावसायिक प्रशिक्षकों के भविष्य से खिलवाड़, मंत्री धन सिंह की उदासीनता पर जन संघर्ष मोर्चा का हमला
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत पर व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्री की उदासीनता के कारण 296 व्यावसायिक प्रशिक्षक दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं, जबकि 25 से 30 हजार छात्रों का भविष्य भी अधर में लटक गया है।

पत्रकार वार्ता में नेगी ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत राज्य के 200 विद्यालयों और 28 स्पोक विद्यालयों में संचालित व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम की अनुबंध अवधि 31 मार्च 2026 को समाप्त हो गई थी। साढ़े तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अनुबंध का नवीनीकरण नहीं किया गया, जिससे प्रशिक्षक बेरोजगार हो गए हैं और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके बंद होने से हजारों छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। नेगी ने आरोप लगाया कि मंत्री प्रशिक्षकों और छात्रों की समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं तथा केवल आश्वासन देकर उन्हें गुमराह किया जा रहा है।

जन संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम को पुनः शुरू कर प्रशिक्षकों को न्याय नहीं मिला, तो मोर्चा इस मुद्दे को शासन के समक्ष उठाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन भी करेगा।

पत्रकार वार्ता में विजय राम शर्मा और दिलबाग सिंह भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles