ऋषिकेश सेल्फी प्वाइंट पर हादसा, गहरी खाई में गिरे युवक को SDRF ने सकुशल बचाया

ऋषिकेश। देहरादून रोड स्थित काली माता मंदिर के आगे बने सेल्फी प्वाइंट पर मंगलवार को एक 20 वर्षीय युवक गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान चलाया और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
एसडीआरएफ को ऋषिकेश कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक सड़क किनारे संतुलन खोकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही ढालवाला स्थित एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने विषम परिस्थितियों में खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई और स्ट्रेचर के माध्यम से उसे सुरक्षित बाहर निकालकर नदी मार्ग से एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायल युवक की पहचान मोहित आर्या (20 वर्ष), पुत्र प्रदीप आर्या, निवासी बेतालघाट, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने दोस्तों के साथ घूमने आया था और सेल्फी प्वाइंट के पास संतुलन बिगड़ने से खाई में गिर गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
एसडीआरएफ ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि विशेषकर बरसात के मौसम में सेल्फी प्वाइंट, पहाड़ी किनारों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर अत्यधिक सतर्कता बरतें। बारिश के दौरान चट्टानें और पगडंडियां फिसलनभरी हो जाती हैं, जिससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए जोखिम उठाकर फोटो या वीडियो बनाने से बचें।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ ढालवाला की टीम के एडिशनल एसआई विजेंद्र कुड़ियाल के नेतृत्व में अर्जुन, किशोर, सुमित नेगी, रमेश भट्ट, रवींद्र, दीपक सिंह, राहुल कुमार, अमित सिंह और सुमित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने विषम परिस्थितियों में त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई करते हुए घायल युवक का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे अस्पताल पहुंचाया।

