नर्सिंग भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचे अभ्यर्थी, पुलिस ने रोका

देहरादून । नर्सिंग भर्ती परीक्षा की घोषित तिथि रद्द कर वर्षवार (सीनियरिटी आधारित) भर्ती प्रक्रिया लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार देर रात नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले आंदोलनरत नर्सिंग अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा था, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वे अपनी मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराने के लिए मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री आवास के बाहर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और कुछ नर्सिंग अभ्यर्थियों को हिरासत में ले लिया। महिला अभ्यर्थियों को कैंट थाने ले जाया गया, जबकि अन्य को एकता विहार स्थित धरना स्थल भेज दिया गया।
नर्सिंग एकता मंच का कहना है कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे केवल मुख्यमंत्री से मिलकर नर्सिंग भर्ती परीक्षा की घोषित तिथि रद्द करने तथा वर्षवार भर्ती प्रक्रिया लागू करने की मांग रखना चाहते थे। मंच ने सरकार से जल्द वार्ता कर मामले का समाधान निकालने की अपील की है।

