उत्तराखंड को पर्यटन विकास की बड़ी सौगात, ऋषिकेश, कैंची धाम, माणा और जादुंग समेत कई परियोजनाओं को मिली मंजूरी

Spread the love

देहरादून। केंद्र सरकार ने पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत उत्तराखंड की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। पर्यटन मंत्रालय द्वारा लोकसभा में दी गई जानकारी के अनुसार राज्य में आध्यात्मिक, सीमा और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋषिकेश, कैंची धाम, माणा, जादुंग और चकराता क्षेत्रों में पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

चुनौती आधारित गंतव्य विकास योजना के तहत कैंची धाम परिसर के विकास के लिए 17.60 करोड़ रुपये, जादुंग उत्सव मैदान के विकास के लिए 4.99 करोड़ रुपये तथा माणा हाट के विकास के लिए 4.99 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं स्वदेश दर्शन 2.0 की डीए-जुगा उप-योजना के अंतर्गत चकराता क्लस्टर में जनजातीय होमस्टे विकसित करने के लिए 1.70 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा राज्यों को पूंजी निवेश के लिए विशेष सहायता (SASCI) योजना के तहत ‘आइकॉनिक सिटी ऋषिकेश’ परियोजना के अंतर्गत राफ्टिंग बेस स्टेशन के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह परियोजना ऋषिकेश को विश्वस्तरीय एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

पर्यटन मंत्रालय के अनुसार इन परियोजनाओं का उद्देश्य उत्तराखंड में पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करना, तीर्थ एवं साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना, सीमांत क्षेत्रों का विकास करना तथा स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित करना है।

देवभूमि खबर

Related articles