सहकारी समिति में 19 लाख के गबन का आरोपी पूर्व सचिव गिरफ्तार, पौड़ी पुलिस की सटीक जांच से खुला वित्तीय घोटाला

सहकारी समिति में 19 लाख के गबन का आरोपी पूर्व सचिव गिरफ्तार, पौड़ी पुलिस की सटीक जांच से खुला वित्तीय घोटाला
Spread the love

पौड़ी। जनधन में सेंध लगाने वाले बहु साधन सहकारी समिति लिमिटेड देवप्रयाग के पूर्व सचिव को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सहकारी समिति में करीब 19 लाख रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे आरोपी को श्रीनगर से दबोचा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वित्तीय अनियमितता किए जाने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 19 मार्च 2026 को सहायक विकास अधिकारी, विकासखंड कोट संदीप सिंह ने थाना देवप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बहु साधन सहकारी समिति लिमिटेड देवप्रयाग के तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला ने अपने पद पर रहते हुए समिति की धनराशि का गबन किया है। शिकायत के आधार पर थाना देवप्रयाग में धारा 409 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचनाओं और विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। लगातार सुरागरसी और सटीक सूचना संकलन के बाद 22 जुलाई 2026 को वांछित आरोपी शैलेंद्र गैरोला को श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने समिति की लगभग 19 लाख रुपये की धनराशि के गबन की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी शैलेंद्र गैरोला (32 वर्ष) पुत्र स्व. सतीश चंद्र, निवासी बड़ीयारगढ़, कीर्तिनगर, जनपद टिहरी गढ़वाल (हाल निवासी श्रीनगर)।

देवभूमि खबर

Related articles