दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30 लाख की MDMA और स्मैक के साथ अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार

दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 30 लाख की MDMA और स्मैक के साथ अंतरराज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।  “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की 48.55 ग्राम एमडीएमए (MDMA) और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।

जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रायपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि सहारनपुर से हाई-प्रोफाइल सिंथेटिक ड्रग्स देहरादून लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने रायपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

21/22 जुलाई 2026 की देर रात अरण्य विहार क्षेत्र में एक खाली प्लॉट के पास पुलिस ने दानिश पुत्र नजीर अहमद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 48.55 ग्राम एमडीएमए और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ सहारनपुर के एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदकर देहरादून लाया था। उसका उद्देश्य शहर में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में इसकी सप्लाई करना था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े कुछ अन्य तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश (32 वर्ष) पुत्र नजीर अहमद निवासी ग्राम नागल, थाना नागल, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत कुमार (थानाध्यक्ष रायपुर), उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी (चौकी प्रभारी मयूर विहार), कांस्टेबल विनोद, कांस्टेबल प्रेम पवार, कांस्टेबल मुकेश कंडारी, हेड कांस्टेबल किरण (एसओजी, देहरादून) तथा पीआरडी जवान प्रियांजुल शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles