टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण को मिलेगी रफ्तार, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने की तैयारियों की समीक्षा

टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण को मिलेगी रफ्तार, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने की तैयारियों की समीक्षा
Spread the love

देहरादून। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रस्तावित टिहरी मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन, निर्माण की रूपरेखा तथा परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण ऐसे स्थान पर किया जाएगा, जिससे अधिकतम आबादी को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से टिहरी सहित आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी और प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। मेडिकल कॉलेज को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

बैठक में स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने जिलाधिकारी टिहरी को चयनित भूमि से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके।
बैठक में अपर सचिव रोहित मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles