गढ़वाल मंडल के 69 विशेष शिक्षकों को मिले नियुक्ति पत्र, शिक्षा मंत्री ने कहा– समावेशी शिक्षा को मिलेगी नई मजबूती

श्रीनगर/देहरादून। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गढ़वाल मंडल के 69 नव चयनित सहायक अध्यापक (एल.टी.) (विशेष शिक्षा) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराने में इन शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
श्रीनगर में आयोजित समारोह में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें पौड़ी के 21, टिहरी गढ़वाल के 17, चमोली और देहरादून के 9-9, उत्तरकाशी के 8, रुद्रप्रयाग के 4 तथा हरिद्वार के 1 शिक्षक शामिल हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देते, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों से संवेदनशीलता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और समावेशी बनाने के लिए विद्यालयों के आधारभूत ढांचे, डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण, कौशल विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा मंत्री ने विश्वास जताया कि विशेष शिक्षक दिव्यांग एवं विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम योगदान देकर उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएंगे।

