चम्बा पुलिस ने किया अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: दो सगे भाई गिरफ्तार, 2 चोरी की कारें व मोटरसाइकिल समेत 4 वाहन बरामद

टिहरी।कोतवाली चम्बा पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे एवं निशानदेही पर दो चोरी की कारें, एक चोरी की मोटरसाइकिल तथा वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
25 जुलाई 2026 को कुमाल्डा बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मारुति-800 कार दिखाई दी, जो बैरियर से पहले ही वापस मुड़ने लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी में कार की डिग्गी से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अंकित (21 वर्ष) और दीपक कुमार (22 वर्ष) निवासी ग्राम मल्लावाला, लांघा, विकासनगर, जनपद देहरादून के रूप में बताई। दोनों आपस में सगे भाई हैं।
वाहनों के सत्यापन में बरामद मारुति-800 कार UA07F-0138 कोतवाली चम्बा क्षेत्र से चोरी की गई पाई गई, जबकि कार में रखी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल UP19M-7315 थाना पुरोला, उत्तरकाशी से चोरी की निकली।
सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 17/18 जुलाई की रात रौसलीखाल-काणाताल क्षेत्र से कार और 23/24 जुलाई की रात डामटा (उत्तरकाशी) से मोटरसाइकिल चोरी की थी। उन्होंने यह भी कबूला कि 28 जून को ठांगधार-काणाताल क्षेत्र से मारुति-800 कार UA07P-9405 चोरी कर सत्यों रोड के जंगल में छिपाई थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर उक्त कार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UK16F-9175 भी बरामद कर ली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे योजनाबद्ध तरीके से पुराने और कम इस्तेमाल होने वाले वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते और मौका मिलने पर देहरादून ले जाकर ऊंचे दामों में बेचने की योजना बनाते थे। उन्होंने त्यूणी, उत्तरकाशी और देहरादून क्षेत्रों में भी अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें ₹2,500 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी, संगठित अपराध एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध टिहरी पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। आधुनिक तकनीक, प्रभावी चेकिंग और सुदृढ़ सूचना तंत्र के माध्यम से ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी श्वेता चौबे ने आमजन से अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करने, आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर देने की अपील की।
इस कार्रवाई में निरीक्षक विपिन बहुगुणा, उपनिरीक्षक रवि कुमार (विवेचक), उपनिरीक्षक विनय शर्मा, मुख्य आरक्षी सुनील राणा, मुख्य आरक्षी सूर्य प्रताप सिंह रमोला, आरक्षी अंकुर, आरक्षी सुबोध कुमार तथा आरक्षी रामचन्द्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
