सिद्धबली मंदिर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली दो शातिर महिला टप्पेबाज गिरफ्तार, चोरी की सोने की चेन-लॉकेट बरामद

सिद्धबली मंदिर में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली दो शातिर महिला टप्पेबाज गिरफ्तार, चोरी की सोने की चेन-लॉकेट बरामद
Spread the love

कोटद्वार। सिद्धबली मंदिर में दर्शन के लिए आने वाली महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली दो शातिर महिला टप्पेबाजों को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सोने की चेन और लॉकेट बरामद किए हैं। आरोपित भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और चेन चोरी कर फरार हो जाती थीं।

मामला 19 जुलाई 2026 का है, जब मेरठ निवासी संगम प्रजापति ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि सिद्धबली मंदिर में दर्शन के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से मंगलसूत्र और लॉकेट चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर पता चला कि घटना के बाद आरोपी महिलाएं बिजनौर की ओर चली गई थीं।

लगातार निगरानी के बाद 25 जुलाई को सूचना मिली कि दोनों महिलाएं फिर किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सिद्धबली मंदिर क्षेत्र पहुंच रही हैं। पुलिस ने गुलर पुल, सनेह रोड के पास घेराबंदी कर पुष्पा रानी निवासी अमरोहा और सरोज निवासी अमरोहा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से चोरी की एक सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपित महिलाओं ने बताया कि वे मेले, धार्मिक आयोजनों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं के गले में पहने कीमती आभूषणों पर नजर रखती थीं। मौका मिलते ही धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर चेन या मंगलसूत्र चोरी कर भीड़ में गायब हो जाती थीं।

पुलिस अब दोनों महिलाओं के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में हुई ऐसी घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में कोतवाली कोटद्वार पुलिस और एसओजी/सीआईयू टीम की संयुक्त भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles