कारगिल विजय दिवस पर वीर सैनिकों, शहीदों के परिजनों और 151 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
देहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सोसायटी ऑफ मिशन 4G (गौ, गंगा, गाँव एवं गायत्री) द्वारा जोगीवाला स्थित स्काई गार्डन में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल के वीर सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 151 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके साहस, योगदान और उपलब्धियों का अभिनंदन किया गया।
संस्था के मीडिया प्रभारी अनुज पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों एवं शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के तहत वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने किया। इस दौरान युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ब्रिगेडियर चंद्रा तिवारी (सेवानिवृत्त), ब्रिगेडियर प्रभात भंडारी, ले. कर्नल डॉ. हरीश जोशी, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, राजेंद्र तड़ियाल, संस्था के अध्यक्ष सुभाष भट्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

