जल संस्थान पेंशनर वेलफेयर सोसाइटी ने पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को दी श्रद्धांजलि
देहरादून। जल संस्थान पेंशनर वेलफेयर सोसाइटी, उत्तराखंड की ओर से सोमवार को जल संस्थान मुख्यालय स्थित कार्यालय में पूर्व मंत्री एवं श्रमिक नेता स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने उनके श्रमिक हितों के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें दूरदृष्टि एवं विकासवादी सोच का नेता बताया।
सभा की अध्यक्षता करते हुए सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं इंटक के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट ने जल संस्थान के कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए। उनके प्रयासों से अस्थायी कर्मचारियों को तीन वर्ष की सेवा के बाद नियमित करने की व्यवस्था लागू हुई तथा कर्मचारियों को राज्य सरकार के कर्मचारियों की तरह नियमित पेंशन योजना का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में स्वर्गीय बिष्ट ने आईएसबीटी, अंतरराज्यीय बस अड्डा, आराघर सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के साथ नवोदय विद्यालय की स्थापना जैसे जनहित के कार्यों को भी आगे बढ़ाया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर फतेह सिंह नेगी, कीर्ति नेगी, घनश्याम गुरंग, दलीप सिंह नेगी, बलिराज यादव, जगदीश प्रसाद तिवारी, राकेश यादव, मदन मोहन पाल, धन प्रकाश गोयल, कमला नेगी, नारायण दत्त शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

