16 करोड़ का टोंस नदी पुल पहली बारिश में जलमग्न, AAP ने भाजपा सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

देहरादून ।प्रेमनगर क्षेत्र में टोंस नदी पर लगभग ₹16 करोड़ की लागत से बने पुल के पहली ही बरसात में जलमग्न होने पर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने पुल निर्माण में भ्रष्टाचार और गुणवत्ता में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया और महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय ने मौके का निरीक्षण कर कहा कि जनता की सुविधा के लिए बनाया गया पुल पहली ही बारिश में जलमग्न हो गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बरसात में पुल बह जाने के बाद नया पुल बनने में करीब एक वर्ष लग गया, जिसके कारण क्षेत्र की जनता, कॉलेज के छात्र-छात्राओं, सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को लंबे समय तक परेशानी उठानी पड़ी।
पार्टी नेताओं ने कहा कि इसी महीने शुरू किया गया पुल कुछ ही दिनों में बारिश के पानी में डूब गया, जो सरकारी कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है और जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है।
आम आदमी पार्टी ने पुल निर्माण की उच्च स्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, संबंधित विभाग और जिम्मेदार मंत्री के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा जनता के धन की भरपाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

