HTML tutorial
HTML tutorial

हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री धामी ने किया चरण प्रक्षालन और भोजन परोसा

हरिद्वार में शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री धामी ने किया चरण प्रक्षालन और भोजन परोसा
Spread the love

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को आस्था, सेवा और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर से शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पांच शिवभक्तों का चरण प्रक्षालन कर सम्मानित किया और श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन भी परोसा।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया तथा वहां उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण मिले। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन परंपरा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, केदारनाथ पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को नई पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सहायता जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में दिन-रात जुटे हैं।

कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ियों ने भाग लिया।

देवभूमि खबर

Related articles