पीएमजीएसवाई परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, वन स्वीकृतियों और सड़क निर्माण की मंत्री भरत सिंह चौधरी ने की समीक्षा

पीएमजीएसवाई परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, वन स्वीकृतियों और सड़क निर्माण की मंत्री भरत सिंह चौधरी ने की समीक्षा
Spread the love

देहरादून। ग्रामीण विकास मंत्री भारत सिंह चौधरी ने बुधवार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की प्रगति एवं वन स्वीकृतियों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में सड़क निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर सड़क संपर्क सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को सड़कों के नियमित रखरखाव के निर्देश देने के साथ ही प्रभावित लोगों को देय मुआवजे का समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के समय पर पूरा होने के लिए वन स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाना आवश्यक है। प्रतिपूरक वनीकरण (कम्पेन्सेटरी अफॉरेस्टेशन) के लिए भूमि की उपलब्धता समय रहते सुनिश्चित की जाए, जिससे परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।

बैठक में परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों (PIU) को जिला प्रशासन एवं वन विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करें, ताकि प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुरक्षित सड़क संपर्क का लाभ शीघ्र मिल सके।

बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव धीराज गर्ब्याल, पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता संजय पाठक सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles