65 लाख की भूमि धोखाधड़ी में एक और गिरफ्तारी, सहसपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा

65 लाख की भूमि धोखाधड़ी में एक और गिरफ्तारी, सहसपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
Spread the love

देहरादून। भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने भूमि विक्रय के नाम पर 65 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, हरबर्टपुर निवासी डॉ. शैलेन्द्र तिवारी ने 5 अप्रैल 2026 को कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि रजनीश सैनी, प्रियाशु सैनी, हर्षवर्धन, दीपक और अन्य लोगों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि बेचने के नाम पर उनसे 65 लाख रुपये हड़प लिए। विरोध करने और रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सहसपुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मिले दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक पुत्र मदन सिंह, निवासी फतेहपुर, धर्मावाला की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने 5 अगस्त 2026 को धर्मावाला क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी धर्मावाला उपनिरीक्षक पंकज कुमार, अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रसाद कोठारी, कांस्टेबल अजीत सिंह और कांस्टेबल प्रवीण कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles