एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने हरिद्वार में सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, डाक कांवड़ के लिए दिए विशेष निर्देश

एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने हरिद्वार में सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, डाक कांवड़ के लिए दिए विशेष निर्देश
Spread the love

हरिद्वार।कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरूगेशन ने हरिद्वार पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मेला कंट्रोल रूम का दौरा कर सीसीटीवी सर्विलांस के माध्यम से संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्गों तथा कांवड़ पटरी मार्गों की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने एडीजी को वर्तमान ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान, राष्ट्रीय राजमार्ग और कांवड़ पटरी मार्ग की व्यवस्थाओं के साथ अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं की संख्या सहित विभिन्न सुरक्षा इंतजामों की जानकारी दी।

एडीजी वी. मुरूगेशन ने डाक कांवड़ के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसपी हरिद्वार और पुलिस अधीक्षक यातायात को आवश्यकतानुसार ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान समय पर लागू करने तथा विभिन्न पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुचारू एवं व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यातायात का निर्बाध संचालन, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी बनाए रखते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय और समन्वित रखा जाए।

देवभूमि खबर

Related articles