टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी का रानीपुर पुलिस और सीआईयू ने किया खुलासा, जेवरात बेचकर मिले ₹5 लाख बरामद

टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी का रानीपुर पुलिस और सीआईयू ने किया खुलासा, जेवरात बेचकर मिले ₹5 लाख बरामद
Spread the love

हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त ₹5 लाख की नकदी, घटना में प्रयुक्त टैम्पो, पुलिस कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।

कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के गली नंबर ए-20, टिहरी विस्थापित कॉलोनी में 29 जुलाई की रात स्वर्गीय राजेन्द्र पाल के मकान सहित दो घरों में चोरी की घटना हुई थी। मामले में 4 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और सीआईयू को तकनीकी सहयोग के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में घटना में एक टैम्पो के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। लगातार तलाश के बाद 7 अगस्त को पुलिस ने बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी देवी मंदिर तिराहे से टैम्पो संख्या UK07TC0457 सहित आरोपी अक्षय उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से स्वर्गीय राजेन्द्र पाल का पुलिस कार्ड भी बरामद हुआ।

पूछताछ में अक्षय ने अपने साथी सोनू सैनी और सोनू शर्मा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने रावली महदूद क्षेत्र से दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से ₹5 लाख नकद, राजेन्द्र पाल का पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 29 जुलाई की शाम शराब पीने के बाद उन्होंने बंद घरों में चोरी की योजना बनाई थी। पहले एक घर का ताला तोड़ा, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद पास के दूसरे मकान का ताला तोड़कर अलमारी से सोने के जेवरात चोरी किए। आरोपियों ने चोरी के जेवरात को धामपुर में एक व्यापारी को ₹5 लाख में बेच दिया था और इसी रकम को आपस में बांटने के लिए हरिद्वार पहुंचे थे।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी चोरी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय उर्फ गोलू पुत्र होशियार सिंह, निवासी टांडा माईदास, थाना नगीना, बिजनौर,सोनू सैनी पुत्र सतीश सैनी, निवासी टीबड़ी, बिजनौर,सोनू शर्मा पुत्र रोहताश शर्मा, निवासी धामपुर, बिजनौर, हाल निवासी मुरादाबाद के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों से ₹5 लाख नकद, घटना में प्रयुक्त टैम्पो, एक पुलिस कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक चरण सिंह चौहान, उपनिरीक्षक राहुल थापा, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल सहित कोतवाली रानीपुर के पुलिसकर्मी और सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सीआईयू टीम ने तकनीकी सहयोग देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles