महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ के नेतृत्व में रायपुर विधानसभा के करीब 200 लोगों ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ के नेतृत्व एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की उपस्थिति में रायपुर विधानसभा क्षेत्र के करीब 200 लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का समय बदलाव का समय है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा सरकारों की नीतियों के कारण प्रदेश की जनता को अनेक समस्याओं और परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
गोदियाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को लेकर कांग्रेस लगातार अपनी आपत्तियां और सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाताओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों से जुड़े विषयों को लेकर अपना पक्ष मजबूती से रखेगी।
उन्होंने कांग्रेस में शामिल हुए नए सदस्यों का आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य महेंद्र सिंह नेगी ‘गुरुजी’ ने कांग्रेस में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार में सभी नए साथियों का हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि सभी को राहुल गांधी के विचारों और पदचिह्नों पर चलते हुए कांग्रेस पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य करना है। उन्होंने नए सदस्यों से कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, प्रदेश कांग्रेस सचिव अमेंद्र सिंह बिष्ट सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
