तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ली 18 वर्षीय युवती की जान, क्लेमेंटाउन पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार

देहरादून। थाना क्लेमेंटाउन क्षेत्र में तेज गति और लापरवाही से ट्रैक्टर चलाकर दुर्घटना कारित करने वाले चालक को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई थी। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर मय सीमेंट मिक्सर मशीन को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को प्रदीप सिंह रावत निवासी बलजीत नगर, नई दिल्ली ने थाना क्लेमेंटाउन में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 9 अगस्त की रात उनकी 18 वर्षीय बेटी वैष्णवी रावत अपनी बड़ी बहन कृतिका रावत के साथ पैदल कमरे की ओर जा रही थी। इसी दौरान चार खंबा चौक के पास पीछे से आ रहे सीमेंट मिक्सर लगे ट्रैक्टर के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए वैष्णवी को टक्कर मार दी।टक्कर लगने से वैष्णवी सड़क पर गिर गई और उसका सिर सीमेंट मिक्सर मशीन के नीचे आ गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल वेलमैड अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेंटाउन में मु0अ0सं0 75/2026, धारा 106(1), 281 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 अगस्त 2026 को आरोपी ट्रैक्टर चालक कैलाश को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 रवि प्रसाद, चौकी प्रभारी आशारोड़ी, हे0का0 दीपक कुमार और कानि0 पवन कुमार शामिल रहे।
