रुद्रप्रयाग में मासिक अपराध समीक्षा बैठक, 27 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

रुद्रप्रयाग में मासिक अपराध समीक्षा बैठक, 27 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
Spread the love

रुद्रप्रयाग।पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कार्यालय सभागार में जुलाई माह की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, डिजिटल पुलिसिंग तथा केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक से पूर्व विगत माहों में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले **27 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित** किया गया। सम्मानित होने वालों में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, एसएचओ सोनप्रयाग सुरेश चंद्र बलूनी, एसएचओ रुद्रप्रयाग मुकेश चौहान, प्रभारी साइबर सेल मनोज रावत, निरीक्षक एलआईयू संतोष भट्ट, वाचक पुलिस अधीक्षक रणजीत खनेड़ा सहित विभिन्न शाखाओं एवं थानों में तैनात अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

मासिक अपराध समीक्षा बैठक में सहायक निदेशक अभियोजन ऋचा कोटियाल ने विवेचकों को विवेचनाओं में पाई गई कमियों से अवगत कराते हुए उनमें सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवेचनात्मक कार्यवाही में किसी भी प्रकार के मार्गदर्शन की आवश्यकता होने पर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए जा सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने **60 एवं 90 दिवस से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं तथा पार्ट-पेंडिंग मामलों** का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण और विवेचकवार लंबित मामलों की नियमित समीक्षा पर जोर दिया।

उन्होंने डिजिटल पुलिसिंग के तहत **ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, नेटग्रिड, एनसीआरपी, सीईआईआर, निदान, सीसीटीएनएस, ई-बीट बुक और ई-साइन** सहित विभिन्न पोर्टलों की नियमित निगरानी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रगति डैशबोर्ड और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित शिकायतों का भी प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया।

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशील एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 112 पर प्राप्त महिला संबंधी कॉल्स के लिए फीडबैक सिस्टम तैयार करने, नशा तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एवं आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई करने तथा एकल निवासरत वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए नियमित भ्रमण करने के निर्देश भी दिए गए। गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की तलाश और अज्ञात शवों की शिनाख्त के प्रयास तेज करने को कहा गया।

**केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण** को सुरक्षित, सुगम एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सघन चेकिंग एवं चालानी कार्रवाई तथा चेकिंग के दौरान एल्कोमीटर के प्रयोग के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस कार्मिकों के प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया। सभी कार्मिकों को नए भारतीय कानूनों के रिफ्रेशर प्रशिक्षण, फिंगरप्रिंट संबंधी प्रशिक्षण तथा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान आई-रैड में की जाने वाली प्रविष्टियों से संबंधित प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सहायक निदेशक अभियोजन ऋचा कोटियाल, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट, विभिन्न थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं विवेचक मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles