रिश्वत के दो मामलों में CBI की बड़ी कार्रवाई, रेलवे के पांच अधिकारियों समेत 7 गिरफ्तार

रिश्वत के दो मामलों में CBI की बड़ी कार्रवाई, रेलवे के पांच अधिकारियों समेत 7 गिरफ्तार
Spread the love

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग मामलों में उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) के पांच अधिकारियों और दो निजी व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 13 अगस्त 2026 को जयपुर और बीकानेर में की गई।

पहला मामला उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर के एक ऑफिस सुपरिंटेंडेंट के खिलाफ दर्ज किया गया। आरोप है कि वह अन्य अज्ञात सरकारी कर्मचारियों, निजी व्यक्तियों और नवी मुंबई स्थित एक निजी कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रेलवे के कार्यों से संबंधित बिलों के अनुकूल प्रसंस्करण और भुगतान के बदले रिश्वत की मांग और स्वीकार कर रहा था।

CBI ने ट्रैप कार्रवाई के दौरान NWR जयपुर के ऑफिस सुपरिंटेंडेंट, असिस्टेंट फाइनेंशियल एडवाइजर, सीनियर सेक्शन ऑफिसर तथा नवी मुंबई स्थित निजी कंपनी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया। मौके से 1.46 लाख रुपये की रिश्वत बरामद की गई।

इसके अलावा जयपुर और दिल्ली में कई स्थानों पर की गई तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और करीब 9 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई।

दूसरा मामला उत्तर पश्चिम रेलवे, बीकानेर के एक सीनियर सेक्शन ऑफिसर के खिलाफ दर्ज किया गया। आरोप है कि वह अन्य अज्ञात सरकारी कर्मचारियों, निजी व्यक्तियों और कोलकाता स्थित निजी कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर कंपनी के रेलवे कार्यों से संबंधित बिलों के अनुकूल निस्तारण के बदले रिश्वत ले रहा था।

CBI की ट्रैप कार्रवाई में NWR बीकानेर के सीनियर सेक्शन ऑफिसर, अकाउंट असिस्टेंट तथा कोलकाता स्थित निजी कंपनी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 1.20 लाख रुपये की रिश्वत बरामद हुई।

CBI ने बीकानेर और जयपुर में विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान भी चलाया। इस दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए।

CBI के अनुसार दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles