रुद्रपुर हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार, खून से सनी ईंट बरामद

रुद्रपुर। रुद्रपुर क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने युवक के सिर पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान घायल युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सनी ईंट भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को फरमान पुत्र अजीद, निवासी वार्ड नंबर 18 खेड़ा, रुद्रपुर ने कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर दी कि 12 अगस्त की शाम गोलू नामक युवक ने जान से मारने की नीयत से उसके भाई **शाहनवाज (27 वर्ष)** के सिर पर ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। 13 अगस्त की रात उपचार के दौरान शाहनवाज की अस्पताल में मृत्यु हो गई। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे को धारा 103 बीएनएस में तरमीम किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने 14 अगस्त की रात आरोपी तौफीक उर्फ गोलू (18 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 18, खेड़ा, रुद्रपुर को किच्छा बाईपास रोड स्थित एफएसएल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सनी ईंट बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौफीक उर्फ गोलू पुत्र स्व. शाहिद अली, निवासी वार्ड नंबर 18, खेड़ा, रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है।इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दीपक कौशिक, प्रभारी चौकी रम्पुरा, उप निरीक्षक धीरज टम्टा, हेड कांस्टेबल राजकुमार तथा कांस्टेबल महेन्द्र कुमार शामिल रहे।
