₹45 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी लुधियाना से गिरफ्तार, राजपुर पुलिस ने कसा शिकंजा

देहरादून। लोगों को भरोसे में लेकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को राजपुर पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने लगातार सुरागरसी-पतारसी करते हुए आरोपी को दबोचा।
पुलिस के अनुसार, 13 मार्च 2026 को अनिल कुमार निवासी रिंग रोड, थाना रायपुर, देहरादून ने राजपुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया गया कि आरोपी आदर्श वीर धवन ने वादी और उसके साथियों के वाहनों को किराये पर लेकर आगे किराये पर लगाने का भरोसा दिया। इसके बाद विश्वास में लेकर उनसे करीब 45 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बावजूद न तो वाहन वापस किए गए और न ही रकम लौटाई गई। पैसे और वाहन वापस मांगने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले में थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 50/2026, धारा 316(2)/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके अलावा 16 जुलाई 2026 को यातायात पुलिस कार्यालय देहरादून से जुड़े देवकुश ने भी आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि आरोपी ने अपनी क्रेटा कार बेचने के नाम पर उनसे 9.50 लाख रुपये लिए, लेकिन बाद में न तो वाहन उनके नाम पंजीकृत कराया और न ही रकम वापस की। इस मामले में थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 158/2026, धारा 316(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। राजपुर पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार फरार रहने पर उसके विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी प्राप्त किए गए।
पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई। प्राप्त सूचना के आधार पर 16 अगस्त 2026 को आरोपी आदर्श वीर धवन को सीएससी सेंटर, लुधियाना, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया गया।
आदर्श वीर धवन पुत्र जुगल किशोर धवन, निवासी नई बस्ती, विवेक विहार, राजपुर, देहरादून, उम्र 40 वर्ष।
पुलिस टीम: उ0नि0 अनित कुमार, का0 मोहित, का0 अमित एवं हे0का0 किरन कुमार (एसओजी नगर)।
