HTML tutorial
HTML tutorial

रुद्रपुर में 24वीं उत्तराखण्ड प्रादेशिक पुलिस खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

रुद्रपुर में 24वीं उत्तराखण्ड प्रादेशिक पुलिस खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
Spread the love

रुद्रपुर। पुलिस लाइन रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर में सोमवार को तीन दिवसीय ‘‘24वीं उत्तराखण्ड प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस बॉक्सिंग, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती प्रतियोगिता-2026’’ का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन भदौरिया उपस्थित रहे।

आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली विभिन्न जनपदों एवं वाहिनियों की टीमों के टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया। सभी टीमों ने अपनी-अपनी ध्वजाओं के साथ मार्च-पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को मान-प्रणाम किया।

प्रतियोगिता के मेजबान ऊधम सिंह नगर के टीम कप्तान कांस्टेबल अमन दुगताल ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद आयोजन समिति के सचिव के अनुरोध पर जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने प्रतिभागी पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों एवं पुलिस वाहिनियों की कुल 15 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। तीन दिनों तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में पुलिसकर्मी बॉक्सिंग, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग और आर्म कुश्ती में अपनी प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता के प्रथम दिन बॉक्सिंग मुकाबलों का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कराया। इस अवसर पर आयोजन सचिव की ओर से जिलाधिकारी को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

मुख्य अतिथि के आयोजन स्थल पर पहुंचने से खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

देवभूमि खबर

Related articles