**खेल महाकुम्भ-2026 की तैयारियां तेज, 1 सितम्बर से 30 अक्टूबर तक होंगे खेल आयोजन

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में युवाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल महाकुम्भ-2026 मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए खेल महाकुम्भ की विस्तृत कार्ययोजना जारी कर दी है। प्रतियोगिताओं का आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर किया जाएगा।

न्याय पंचायत स्तर की स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितम्बर 2026 तक आयोजित होंगी। इसके बाद विधानसभा स्तर की विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं **11 से 20 सितम्बर**, संसदीय क्षेत्र स्तर की सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं **21 से 30 सितम्बर** तथा राज्य स्तर की मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं **10 सितम्बर से 30 अक्टूबर 2026** तक आयोजित की जाएंगी।

न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में **कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो एवं मुर्गा झपट** जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल एवं पिट्टू सहित चयन आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। संसदीय क्षेत्र स्तर पर **मलखम्ब, रस्साकसी, गोली (कंचा), फुटबाल एवं बैडमिंटन** समेत विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबाल, हॉकी, हैंडबाल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फेंसिंग, कुश्ती, पेंचक सिलाट, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बेसबाल एवं लॉन टेनिस** सहित अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा महिला ओपन तथा दिव्यांगजन महिला-पुरुष ओपन वर्ग के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताएं निर्धारित की गई हैं।

निदेशक युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल, उत्तराखंड दीप्ति सिंह द्वारा प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय एवं सहयोग की अपेक्षा की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल महाकुम्भ का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर प्रदान करना है। सरकार का प्रयास है कि खेलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर मिलें।

देवभूमि खबर

Related articles