डाकपत्थर महाविद्यालय में दीक्षारंभ समारोह, नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का किया स्वागत

डाकपत्थर महाविद्यालय में दीक्षारंभ समारोह, नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का किया स्वागत
Spread the love

डाकपत्थर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डाकपत्थर में मंगलवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने किया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को जीवन की नई जिम्मेदारियों, अनुशासन, नियमित अध्ययन और व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने तथा महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. अरविंद मोहन पैन्यूली ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति, पुस्तकालय एवं प्रयोगशालाओं के साथ ही एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, करियर एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. राधेश्याम गंगवार ने विद्यार्थियों को उनके विषयों के साथ-साथ उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया।
इस दौरान डॉ. रोहित वर्मा ने विज्ञान संकाय, डॉ. संगीता कैंतुरा ने कला संकाय, डॉ. राजेश कुमार ने वाणिज्य संकाय तथा डॉ. एसपी उनियाल ने बीबीए संकाय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां छात्र-छात्राओं को प्रदान कीं।

डॉ. मानवीरेंद्र कंडारी ने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश केवल नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में नई संभावनाओं, नए अनुभवों और नए लक्ष्यों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपनी क्षमताओं को विकसित करने और भविष्य के लिए मजबूत आधार तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles