केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की वर्चुअल समीक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की वर्चुअल समीक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में केदारनाथ धाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से रुद्रप्रयाग जनपद में संचालित केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने यात्रा के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों और उनके त्वरित समाधान के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। जनपद में पेयजल और विद्युत आपूर्ति से संबंधित कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है तथा संबंधित विभाग व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी बनाए रखी जाएं। यात्रियों की सुविधा से जुड़ी छोटी से छोटी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हैं, हालांकि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कुछ कमी महसूस की जा रही है। जिला प्रशासन ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की अतिरिक्त तैनाती का अनुरोध किया है।

प्रभारी सचिव ने यात्रियों को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और मजबूत करने तथा यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सेवाओं की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशों से भी श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं, इसलिए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य तंत्र पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।

प्रभारी सचिव ने यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों एवं अन्य पशुओं से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य, संचालन और पशु कल्याण से जुड़े प्रबंधों की जानकारी ली।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान घोड़ा-खच्चरों एवं अन्य पशुओं के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए और निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, आवश्यक चिकित्सा सुविधा और संचालन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा राज्य की महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में शामिल है और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार सुधार करने को कहा।

राज्य सरकार का लक्ष्य केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखना है। श्रद्धालुओं को किसी भी स्तर पर असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles