PIB की ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर मंथन

गोपेश्वर। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तत्वावधान में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार, गोपेश्वर में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासपरक कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई। साथ ही योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए योजनाओं की सही और उपयोगी जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय मीडिया जागरूकता फैलाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यशाला में आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, ई-20 पहल एवं हरित ईंधन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, नशा मुक्त भारत अभियान, जीआई टैगिंग तथा ओडीओपी जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।
विषय विशेषज्ञों ने योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, मिलने वाले लाभ, आवेदन प्रक्रिया और क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। पत्रकारों ने योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार से जुड़े सवाल उठाए, जिनका विशेषज्ञों ने तथ्यपरक जानकारी देकर समाधान किया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जिला मुख्यालय तक सीमित न रहकर ब्लॉक और ग्राम स्तर तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु है। योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ उनके क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के सामने लाने में भी मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यशाला में ‘जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रसार में मीडिया की भूमिका’ विषय पर विशेष संवाद भी आयोजित किया गया। पत्रकारों ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक सूचनाओं की पहुंच, जनजागरूकता और प्रशासन-जनता के बीच बेहतर संवाद को लेकर अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल, प्रेस क्लब चमोली के संरक्षक क्रांति भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विषय विशेषज्ञ और जनपद के पत्रकार मौजूद रहे।
