HTML tutorial
HTML tutorial

नौकरी दिलाने के नाम पर 18 लाख की ठगी, आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार

नौकरी दिलाने के नाम पर 18 लाख की ठगी, आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार
Spread the love

कोटद्वार। नौकरी दिलाने का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पुलिस की पकड़ से दूर रहने का प्रयास कर रहा था।

जौनपुर, कोटद्वार निवासी सूर्यकांत बलूनी ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि हरिद्वार निवासी प्रदीप सैनी ने नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे 18 लाख रुपये लिए, लेकिन न तो नौकरी लगवाई और न ही रकम वापस की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 126/2026, धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने धोखाधड़ी, आर्थिक अपराध और अवैध तरीके से लाभ अर्जित करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाते हुए आरोपी को पूछताछ एवं जांच में सहयोग के लिए कई बार नोटिस भेजे, लेकिन वह पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार फरार रहा।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अनुपस्थित रहने पर न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी।

सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 20 अगस्त 2026 को आरोपी प्रदीप सैनी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी: प्रदीप सैनी पुत्र महेंद्र सिंह सैनी, निवासी शिवालिक नगर, हरिद्वार।

पुलिस टीम: उपनिरीक्षक दिनेश चमोली और हेड कांस्टेबल आदित्य।

देवभूमि खबर

Related articles