12 दिन की तलाश के बाद मिला लापता बीआरओ चालक हवलदार पंकज रुधौला का शव

चमोली। ज्योतिर्मठ तहसील क्षेत्र के ग्राम लोंग सेगड़ी के समीप तमक नाले में अतिवृष्टि के कारण आए तेज पानी और मलबे की चपेट में आकर लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) की 123 इकाई में तैनात चालक हवलदार पंकज रुधौला का शव 12 दिन के सघन सर्च अभियान के बाद बरामद कर लिया गया।
10 अगस्त को हुई घटना की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस, जिला प्रशासन सहित विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों ने युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया था। पंकज रुधौला की तलाश में चमोली पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सीमा सड़क संगठन और गढ़वाल राइफल्स की टीमें लगातार अभियान में जुटी रहीं।
रेस्क्यू टीमों ने तमक नाले और आसपास के संभावित स्थानों के साथ नदी के किनारे भी व्यापक स्तर पर खोजबीन की। अभियान में सर्च एंड रेस्क्यू डॉग स्क्वॉड, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की विशेष टीमों को भी लगाया गया। दुर्गम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों वाले क्षेत्रों में संभावित स्थानों की निगरानी तथा सर्चिंग के लिए ड्रोन की सहायता भी ली गई।
तेज बहाव, मलबे और कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार संभावित स्थानों को खंगालती रहीं। आखिरकार लगातार 12 दिनों तक चले सघन सर्च अभियान के बाद आज धौलीगंगा नदी के किनारे भलागांव के समीप पंकज रुधौला का शव बरामद कर लिया गया।
शव बरामद होने के बाद चमोली पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। लापता चालक की तलाश में जुटी सभी रेस्क्यू एजेंसियों के अथक प्रयासों के बाद अभियान का यह चरण शव बरामदगी के साथ पूरा हुआ।
