हल्द्वानी शुद्धिकरण यज्ञ प्रकरण पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, राज्यपाल से निष्पक्ष जांच की मांग

देहरादून। हल्द्वानी में 8 अगस्त 2026 को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित “शुद्धिकरण यज्ञ” प्रकरण को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा कि यदि किसी सार्वजनिक स्थल को किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर “अशुद्ध” बताकर उसका कथित शुद्धिकरण किया गया है, तो यह संविधान में निहित समानता, सामाजिक न्याय और गरिमा की भावना के विरुद्ध गंभीर मामला है।
कांग्रेस का आरोप है कि राज्यसभा में इस प्रकरण की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी ने कहा कि सरकार की कथित चुप्पी सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। दोषियों की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता सहित अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाले ऐसे कृत्यों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां छुआछूत तथा जातिगत भेदभाव जैसी मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
ज्ञापन देने वालों में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रबंधन समिति डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, पूर्व मंत्री नवप्रभात, विधायक मदन बिष्ट, विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति विभाग मदनलाल, प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सैनिक विभाग कर्नल राम रतन नेगी, पूर्व प्रदेश महामंत्री आरेंद्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
