पुलिस की पाठशाला में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने छात्रों से किया सीधा संवाद, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश

कर्णप्रयाग। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज कर्णप्रयाग में प्रतिष्ठित समाचार पत्र अमर उजाला के तत्वावधान में “पुलिस की पाठशाला” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें कानून की समझ, साइबर अपराध से बचाव और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से होने वाले नुकसान के प्रति सजग करना रहा। पुलिस उपाधीक्षक ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और मैसेज से सावधान रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया में छोटी सी लापरवाही आर्थिक नुकसान के साथ-साथ व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारी के दुरुपयोग का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य गोपनीय सूचनाएं किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस उपाधीक्षक ने युवाओं को नशे के बढ़ते प्रभाव और इसके शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और नशे की गिरफ्त में आने से उनका भविष्य प्रभावित होने के साथ ही परिवार और समाज पर भी गंभीर असर पड़ता है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे देश की नई पीढ़ी हैं और राष्ट्र का भविष्य उनके कंधों पर है। कानून का सम्मान करना, डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना और नशे से दूर रहना सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और मित्रों को भी साइबर अपराध तथा नशे के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा, कानून और नशामुक्ति से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। पुलिस उपाधीक्षक ने उनके सवालों का सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब देते हुए जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नशामुक्ति की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल, प्रभारी बाजार चौकी वीरपाल सिंह, प्रभारी लंगासू चौकी दिनेश पंवार तथा प्रभारी साइबर सेल सतेन्द्र बुटोला मौजूद रहे।
