जेल परिसर में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हल्द्वानी पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

हल्द्वानी। जेल परिसर के पास जान से मारने की साजिश रचकर एक व्यक्ति का पीछा करने और धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सतर्कता, CCTV फुटेज के विश्लेषण और समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू ने थाना हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 24 अगस्त को वह अपने मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आया था। इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे और साजिश के तहत उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों के आपराधिक प्रवृत्ति के होने तथा उनके पास अवैध हथियार होने की आशंका भी जताई गई।
तहरीर के आधार पर थाना हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 के तहत धारा 61(2)/351(2)(3) BNS में अभियोग दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी नैनीताल मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी की और आरोपियों की पहचान कर 25 अगस्त को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- सौरभ बावा पुत्र रोशन लाल, निवासी बेरिया दौलत, थाना बाजपुर, उम्र 24 वर्ष।
- मानव वाट पुत्र सरनजीत सिंह, निवासी दोराहा, थाना बाजपुर, उम्र 24 वर्ष।
- गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन पुत्र सुगदेव सिंह, निवासी बांसखेड़ी, थाना केलाखेड़ा, उम्र 25 वर्ष।
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सौरभ बावा और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं मानव वाट के खिलाफ वर्ष 2022 में हत्या तथा वर्ष 2026 में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित अभियोग दर्ज है।
इस मामले से जुड़े आरोपी जतिन्द्र सिंह को पुलिस ने 24 अगस्त को एक अवैध 315 बोर तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगीन एवं संगठित अपराधों में संलिप्त लोगों पर नैनीताल पुलिस की पैनी नजर है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
