HTML tutorial
HTML tutorial

13 साल से फरार ₹1,000 का इनामी अभियुक्त हरियाणा से गिरफ्तार, टिहरी पुलिस की कार्रवाई

13 साल से फरार ₹1,000 का इनामी अभियुक्त हरियाणा से गिरफ्तार, टिहरी पुलिस की कार्रवाई
Spread the love

टिहरी गढ़वाल। जनपद में फरार और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत टिहरी पुलिस को सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने आबकारी अधिनियम के एक मुकदमे में करीब 13 वर्षों से फरार चल रहे एक हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को हरियाणा के झज्जर जिले से गिरफ्तार किया

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोशन लाल पुत्र ईश्वर सिंह, निवासी लाइन पार, थाना बहादुरगढ़, जिला झज्जर, हरियाणा, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 1561/2007 में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मामला दर्ज था। न्यायिक मजिस्ट्रेट कीर्तिनगर ने 21 फरवरी 2014 को उसे मफरूर घोषित किया था। लंबे समय से फरार रहने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर एक हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम अभियुक्त की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 19 अक्टूबर 2026 को हरियाणा के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के लाइन पार इलाके में दबिश दी और अभियुक्त को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम: अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार और कांस्टेबल रजनीश शर्मा शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles