HTML tutorial
HTML tutorial

आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
Spread the love

पिथौरागढ़। आदि कैलाश क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गूंजी पहुंचकर आयोजन स्थल और मैराथन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सेना, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पूरे मैराथन मार्ग पर पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके लिए विभिन्न स्थान चिह्नित कर चिकित्सकों की तैनाती की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने मार्ग में जलपान और पानी की उपलब्धता के लिए पर्याप्त जलपान एवं पेयजल केंद्र स्थापित करने तथा उनकी स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही धावकों की सहायता के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिभागियों को दौड़ के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को मैराथन मार्ग को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्ग में जहां भी मलबा, पत्थर या अन्य अवरोध मौजूद हैं, उन्हें समय रहते हटाया जाए, ताकि धावकों को दौड़ के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

आयोजन से जुड़े प्रबंधकों को धावकों के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप टेंट, बैठने और ठहरने की बेहतर व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अलावा शौचालय, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने उपजिलाधिकारी को सभी गतिविधियों की नियमित निगरानी करने और आयोजन से जुड़े विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए तैयारियां समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।

 

धावकों और आयोजन से जुड़े लोगों को आवश्यक जानकारी एवं तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए छियालेख में सहायता डेस्क स्थापित की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहायता डेस्क के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और आदि कैलाश को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन है। देश के दूर-दराज के क्षेत्रों से धावक इसमें प्रतिभाग करने पहुंचेंगे। ऐसे में प्रत्येक प्रतिभागी को सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी, उपनिदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित सेना, एसएसबी, आईटीबीपी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles