मां की निर्मम हत्या कर फरार आरोपी पुत्र जंगल से गिरफ्तार, चार विशेष टीमों ने सघन कॉम्बिंग कर दबोचा

मां की निर्मम हत्या कर फरार आरोपी पुत्र जंगल से गिरफ्तार, चार विशेष टीमों ने सघन कॉम्बिंग कर दबोचा
Spread the love

नई टिहरी। थाना नई टिहरी क्षेत्र में अपनी मां की हत्या कर फरार हुए आरोपी पुत्र को टिहरी पुलिस ने सघन कॉम्बिंग अभियान के बाद गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित चार विशेष पुलिस टीमों ने कठिन पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों के बीच लगातार जंगलों में तलाश और निगरानी करते हुए आरोपी को दबोचा।

ग्राम कोटी खास, जाखणीधार निवासी बुग्गा देवी पत्नी स्वर्गीय गुलाब सिंह की उनके पुत्र अजय सजवाण द्वारा हत्या किए जाने के मामले में मृतका के भतीजे कृष्णा सजवाण की तहरीर पर थाना नई टिहरी में मु0अ0सं0 30/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद चार विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए विभिन्न संभावित स्थानों पर सघन तलाशी और कॉम्बिंग अभियान चलाया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जाखणीधार क्षेत्र के घने जंगलों में छिपा हुआ था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीमों ने जंगल में लगातार निगरानी और सघन खोजबीन जारी रखी। इसी दौरान 26 अगस्त 2026 को शाम करीब 5 बजे आरोपी अजय सजवाण को जाखणीधार के निकट जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

घने जंगल और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीमों की लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: निरीक्षक ऐश्वर्या पाल, एसएसआई पवन डिमरी, उप निरीक्षक शांति प्रसाद चमोली, हेड कांस्टेबल सुनील, हेड कांस्टेबल मुकेश, हेड कांस्टेबल अरविन्द सेमवाल, कांस्टेबल अभिनव गुसाईं, कांस्टेबल कुलदीप एवं होमगार्ड शेर सिंह।

देवभूमि खबर

Related articles