शराब के नशे में दोस्त ने दोस्त को उतारा मौत के घाट, मंगलौर पुलिस ने किया हत्याकांड का खुलासा

Spread the love

मंगलौर। ग्राम टिकोला स्थित रजवाहे में 23 अगस्त को मिले अज्ञात शव की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल, निवासी ग्राम टिकोला, मंगलौर के रूप में होने के बाद पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में नामजद दो आरोपियों रितिक पंवार और दीपक पंवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त को मंगलौर पुलिस को ग्राम टिकोला के रजवाहे में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भगवान महर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। बाद में शव की पहचान कपिल के रूप में हुई।
मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने रितिक और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान स्थानीय स्तर पर मिले इनपुट और मुखबिर तंत्र से आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने 27 अगस्त को दोनों नामजद आरोपियों रितिक पंवार और दीपक पंवार को गिरफ्तार कर लिया।
पैसों के लेन-देन और वीडियो बनाने को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक कपिल और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच पैसों का लेन-देन भी था। आरोपियों के मुताबिक कपिल ने रितिक और दीपक से 15 हजार रुपये उधार लिए थे तथा 700 रुपये के कपड़े खरीदे थे।
घटना वाले दिन आरोपियों ने कथित तौर पर योजना के तहत कपिल को टिकोला पुलिया के पास बुलाया। वहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान कपिल द्वारा रितिक और दीपक की मोबाइल फोन से वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई, जिससे दोनों आरोपी नाराज हो गए। पुलिस के मुताबिक इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों ने कपिल की हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को रजवाहे में डाल दिया और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह, निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
दीपक पंवार पुत्र सुरेश, निवासी उपरोक्त।
बरामदगी: घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक भगवान महर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुखपाल मान, उपनिरीक्षक कमलकांत रतूड़ी, कांस्टेबल रणवीर, सुधीर, पंकज, केडी राणा, मौ. आमिर तथा चालक लाल सिंह।

देवभूमि खबर

Related articles