भाजपा की भेदभाव वाली मानसिकता का हो शुद्धिकरण : कांग्रेस
देहरादून।हल्द्वानी में 8 अगस्त को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मंच का कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के मामले को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जिलों में थानों, कोतवालियों और पुलिस रिपोर्टिंग चौकियों में पहुंचकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर लिखित तहरीर दी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन को तहरीर सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष समाज में किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के नेता की उपस्थिति के बाद सार्वजनिक मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया जाना सामाजिक सौहार्द के विरुद्ध है। उन्होंने इसे संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान बताया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि घटना को पर्याप्त समय बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। पार्टी ने संबंधित असामाजिक तत्वों के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कानून का शासन सभी के लिए समान होना चाहिए। किसी भी शिकायत पर पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि तहरीरों पर नियमानुसार कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएगी।
1 सितंबर को कांग्रेस करेगी सचिवालय कूच
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दसौनी ने बताया कि इस गंभीर प्रकरण के विरोध में प्रदेश कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के निर्देश पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में 1 सितंबर को सचिवालय कूच किया जाएगा।
कार्यक्रम:
दिनांक: 1 सितंबर 2026
समय: प्रातः 10:30 बजे
स्थान: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से सचिवालय कूच
कांग्रेस ने कहा कि पार्टी सामाजिक समरसता, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा नफरत, भेदभाव और राजनीतिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
