अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री से की भेंट, मांगपत्र सौंपा

अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री से की भेंट, मांगपत्र सौंपा
Spread the love

देहरादून। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज शिक्षा मंत्री से उनके शासकीय आवास यमुना कॉलोनी में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही संघ के सम्मेलन में तैयार किया गया मांगपत्र भी उन्हें सौंपा गया।

शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से लेते हुए सचिव शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सचिव शिक्षा के साथ अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में मांगपत्र में शामिल सभी बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा की जाएगी तथा उनके निस्तारण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सरकार की ओर से सकारात्मक पहल की उम्मीद है। संगठन ने मांगपत्र के माध्यम से अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों से संबंधित विभिन्न समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष रखा है।

प्रतिनिधिमंडल में अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष संजय बिजल्वाण, नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष अनिल नौटियाल, प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी, जिला संरक्षक देहरादून आर.सी. शर्मा, जिलाध्यक्ष देहरादून दिनेश डोबरियाल, जिला मंत्री महावीर सिंह मेहता, जिलाध्यक्ष रुद्रप्रयाग बलवीर सिंह रौथाण, पूर्व जिलाध्यक्ष पौड़ी गढ़वाल मनमोहन सिंह रौतेला, जिला मंत्री चमोली दीप चन्द्र सती, विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles