राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में विषय चयन एवं लघुशोध पर कार्यशाला आयोजित

थत्यूड़। राजकीय महाविद्यालय थत्यूड़ में स्नातक स्तर के तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए विषय चयन एवं लघुशोध कार्य से संबंधित महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को विषय चयन के साथ-साथ भविष्य में स्नातकोत्तर स्तर पर विषय चयन एवं शैक्षणिक दिशा को लेकर उचित मार्गदर्शन प्रदान करना था।
कार्यशाला में सहायक प्राध्यापक अंग्रेजी डॉ. शैलेन्द्र कुमार सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत विषय चयन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को DSC (Discipline Specific Course) तथा DSE (Discipline Specific Elective) के चयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विषय का चयन करते समय अपनी रुचि के साथ भविष्य में किए जाने वाले उच्च अध्ययन को भी ध्यान में रखना चाहिए।
पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को लघुशोध एवं प्रोजेक्ट कार्य के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें प्रोजेक्ट के उद्देश्य, विषय चयन, कार्य की रूपरेखा तथा प्रोजेक्ट तैयार करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आदित्य कुमार मौर्य ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप विषय चयन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही विषय का चयन विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने विषय चयन एवं प्रोजेक्ट कार्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका प्राध्यापकों ने सरल एवं संतोषजनक ढंग से समाधान किया। कार्यशाला से विद्यार्थियों को आगामी शैक्षणिक कार्यों को लेकर आवश्यक स्पष्टता एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गीता रावत, असिस्टेंट प्रोफेसर समाजशास्त्र ने किया। इस अवसर पर डॉ. कनुप्रिया, डॉ. कुंवर सिंह एवं डॉ. अखिल गुप्ता सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
