हनोल जागरा मेला-2026 इस बार होगा भव्य और आकर्षक, वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल की तर्ज पर तैयारियां
देहरादून।जनपद के प्रसिद्ध श्री महासू देवता मंदिर, हनोल में आयोजित होने वाले जागरा मेला-2026 को इस वर्ष भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने मेले को वन डिस्ट्रिक्ट-वन फेस्टिवल की तर्ज पर आयोजित करने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
13 एवं 14 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाले मेले में 13 सितम्बर की रात्रि पारंपरिक जागर कार्यक्रम होगा, जबकि 14 सितम्बर को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डीएम ने कहा कि हनोल जागरा मेला क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
उन्होंने पुलिस विभाग को प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार करने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल और आवश्यकता के अनुसार टैंकर उपलब्ध कराने को कहा गया। जिला पंचायत एवं संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा पर्याप्त मोबाइल एवं अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मेला क्षेत्र तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत, पैचवर्क एवं सफाई कार्य मेला शुरू होने से पहले पूरा करने को कहा। आरटीओ को वाहनों की ओवरलोडिंग पर विशेष निगरानी रखने तथा सार्वजनिक परिवहन वाहनों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए।
मेले में 24 घंटे चिकित्सा एवं एंबुलेंस सुविधा, पर्याप्त दवाइयां, उपकरण एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए गए। इसके साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना के अनुसार समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी कर मेले को सुरक्षित, भव्य, आकर्षक एवं यादगार आयोजन बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम मुख्यालय रविन्द्र जुवांठा, एसडीएम चकराता प्रेमलाल, सीओ विकासनगर विवेक सिंह कुटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
