आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश, स्वाति नेगी ने एसएसपी कार्यालय में दी शिकायत

आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश, स्वाति नेगी ने एसएसपी कार्यालय में दी शिकायत
Spread the love

देहरादून। सोशल मीडिया के माध्यम से राजनीतिक विरोधियों को बदनाम करने और उनके मान-सम्मान एवं चरित्र पर सवाल उठाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। प्रदेश सचिव स्वाति नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एसएसपी कार्यालय पहुंचे और देहरादून ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक जया बलूनी से मुलाकात कर ‘वसूली अभियान मोर्चा’ नामक सोशल मीडिया पेज के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश कांग्रेस सचिव स्वाति नेगी ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी महिला के चरित्र और उसके पारिवारिक सम्मान को निशाना बनाना किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर उनके राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां और भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे उनके साथ-साथ उनके परिवार और ससुराल की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वाति नेगी ने कहा कि राजनीतिक आलोचना स्वीकार्य है, लेकिन चरित्र पर सवाल उठाना किसी को अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई केवल व्यक्तिगत सम्मान की नहीं, बल्कि उन सभी महिलाओं के सम्मान की भी है जिन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से बदनाम करने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। ज्ञापन के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर ‘वसूली अभियान मोर्चा’ के संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया गया था। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को कथित तौर पर उक्त सोशल मीडिया पेज से कांग्रेस और कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाते हुए राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाला वीडियो पोस्ट किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का माध्यम है, लेकिन इसकी आड़ में किसी व्यक्ति की छवि खराब करना, मानहानि अथवा चरित्र हनन करना और परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान और आईटी एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

शिकायतकर्ताओं में कांग्रेस उपाध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, देहरादून महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर गोगी, पार्षद कोमल बोरा, एतात खान, रॉबिन त्यागी, पिया थापा, मोहन काला, लकी राणा, मोहित मेहता, मोनी, विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू), संजय, सुलेमान अंसारी, सुरभि शाह, वंदना राही, गुल मोहम्मद, हर्ष बागरी, अभिषेक पासी और प्रियांशु गोड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles