पर्यावरण मित्रों की 7 सूत्रीय मांगों पर सरकार गंभीरता दिखाए : चौधरी नरेश वैध
12 दिन के धरने के बाद भी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं, प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
देहरादून, 9 सितंबर 2026। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन की ओर से बुधवार को राज्य के पर्यावरण मित्रों की सात सूत्रीय मांगों को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान यूनियन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से पर्यावरण मित्रों की लंबित मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर उनका समाधान करने का आग्रह किया।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नरेश वैध ने कहा कि सरकार पर्यावरण मित्रों की समस्याओं के समाधान में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि देहरादून नगर निगम में यूनियन और कर्मचारियों की ओर से लगातार 12 दिन तक धरना-प्रदर्शन किया गया था, जिसे समाप्त नहीं बल्कि फिलहाल स्थगित किया गया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशभर के कर्मचारियों और यूनियन पदाधिकारियों से वार्ता कर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी किया जाएगा।
नगर निगम देहरादून शाखा के अध्यक्ष अनिल कुमार (सोनू खैरवाल) ने कहा कि पर्यावरण मित्रों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, शहरी विकास मंत्री, समाज कल्याण मंत्री, स्थानीय विधायक, सचिव शहरी विकास और निदेशक शहरी विकास सहित संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद अभी तक मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने बताया कि देहरादून नगर निगम बोर्ड की ओर से 715 नई नियुक्तियों का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके साथ ही पर्यावरण मित्रों के लिए ₹800 प्रतिदिन वेतन का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है, लेकिन इन प्रस्तावों पर भी सरकार की ओर से अभी तक निर्णय नहीं लिया गया है।
यूनियन के नगर निगम सचिव धीरज भारती ने कहा कि सरकार को प्रदेश के करीब 24 हजार पर्यावरण मित्रों के मानदेय में वृद्धि करने के साथ ही प्रत्येक छह माह में डीए लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे कच्चे पर्यावरण मित्रों को बढ़ती महंगाई के दौर में काफी राहत मिलेगी।
प्रेस वार्ता में यूनियन के उपाध्यक्ष विनोद कुमार, राजकुमार, तेजपाल, सुनील कुमार, अरविंद कुमार, शुभम सौदेय, छाया देवी, सोहनलाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
