एसपी नीहारिका तोमर ने की अपराध समीक्षा, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और केदारनाथ यात्रा सुरक्षा के दिए निर्देश

Spread the love

रुद्रप्रयाग। जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण तथा केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर की अध्यक्षता में अगस्त माह की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जनपद के सभी कोतवाली एवं शाखा प्रभारी तथा विवेचकों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान विगत माह में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले हेड कांस्टेबल राकेश और कांस्टेबल महेन्द्र कुमार को पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने सम्मानित किया। उन्होंने दोनों पुलिस कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मियों को भी कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने 60 एवं 90 दिवस से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं तथा पार्ट-पेंडिंग मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कोतवालियों में लंबित मालों के निस्तारण तथा अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों में तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में डिजिटल पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, नेटग्रिड, एनसीआरपी, सीईआईआर, निदान, सीसीटीएनएस, ई-बीट बुक एवं ई-साइन सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की नियमित मॉनीटरिंग और प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों एवं संदर्भों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला संबंधी प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस एवं आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई करने, एकल निवासरत वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की शीघ्र तलाश तथा अज्ञात शवों की शिनाख्त के प्रयास तेज करने के भी निर्देश दिए गए।
केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक ने यातायात निरीक्षक एवं कोतवाली प्रभारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं निर्विघ्न यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी चालानी कार्रवाई करने तथा चेकिंग के दौरान एल्कोमीटर का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में पुलिस कार्मिकों को नए भारतीय कानूनों से संबंधित रिफ्रेशर प्रशिक्षण, फिंगरप्रिंट लेने तथा सड़क दुर्घटना मामलों में आई-रैड में प्रविष्टियों से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी में प्रतिसार निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक रुद्रप्रयाग मुकेश चौहान, प्रभारी निरीक्षक अगस्त्यमुनि गुमान सिंह, प्रभारी निरीक्षक गुप्तकाशी राकेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी, चौकी प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles