छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को मिलेगा 50 फीसदी प्रतिनिधित्वः डॉ. धन सिंह रावत

छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को मिलेगा 50 फीसदी प्रतिनिधित्वः डॉ. धन सिंह रावत
Spread the love

देहरादून। राज्य के राजकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में होने वाले छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इसके लिए राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को छात्र संघ एवं छात्र परिषदों में प्रतिनिधित्व के मौजूदा ढांचे में संशोधन करने के निर्देश दिए गए हैं। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को तीन दिन के भीतर इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास से उच्च शिक्षा विभाग की वर्चुअल समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व दिए जाने के निर्णय के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपति छात्र परिषद एवं छात्र संघों में प्रतिनिधित्व के ढांचे में आवश्यक संशोधन करते हुए छात्राओं के लिए 50 फीसदी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करें।

डॉ. रावत ने कहा कि वर्तमान में राज्य विश्वविद्यालय परिसरों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों में 65 फीसदी से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में छात्र संघ एवं छात्र परिषदों में उनकी पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलने से उन्हें अपनी समस्याओं और सुझावों को छात्र संघ एवं छात्र परिषद के मंच पर प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिलेगा। इससे छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ने के साथ ही उच्च शिक्षण संस्थानों में महिला नेतृत्व को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को छात्र संघ एवं छात्र परिषदों में प्रतिनिधित्व के मौजूदा ढांचे में संशोधन करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत छात्र संघ चुनावों की तिथियां शीघ्र घोषित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। अभियान में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री एवं विधायक भी प्रतिभाग करेंगे।

उन्होंने कहा कि ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत शिक्षण संस्थानों में विकसित भारत के संकल्प पर भाषण, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही युवा संवाद कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर्स एवं मेधावी छात्र सेवा कार्यों से जुड़ी प्रेरक कहानियां साझा करेंगे।

वर्चुअल बैठक में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.एस. बिष्ट, उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय एवं प्रभारी कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रमाकांत पाण्डेय, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश महाजन, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. ए.एस. उनियाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles