युवती हत्याकांड का खुलासा, 3 अभियुक्त गिरफ्तार; अवैध तमंचा बरामद

ऊधमसिंहनगर। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती की गोली लगने से हुई मौत के मामले का खुलासा करते हुए तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त साजिद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है। घटना के बाद अभियुक्तों द्वारा फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने और शव को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाकर घटनास्थल बदलने का प्रयास किया गया था।
गत 10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में युवती मेहविश की गोली लगने से मृत्यु होने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता फईम हुसैन पुत्र स्वर्गीय फरियाद हुसैन निवासी महुआखेड़ागंज, काशीपुर ने 11 सितंबर को कोतवाली आईटीआई में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर कोतवाली आईटीआई में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने घटना के त्वरित खुलासे और नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए थे। इसके बाद कोतवाली आईटीआई में पुलिस टीम गठित कर अभियुक्तों की तलाश में लगातार दबिश और सुरागरसी-पतारसी की जा रही थी।
12 सितंबर को कोतवाली आईटीआई पुलिस टीम चौकी पैगा क्षेत्र में अभियुक्तों की तलाश और विवेचनात्मक कार्रवाई में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर तीनों नामजद अभियुक्तों साजिद, सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान अभियुक्त साजिद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का एक अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में साजिद ने बताया कि उसने यह तमंचा करीब छह माह पूर्व महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि घटना के दौरान साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई थी। इस दौरान साजिद की छोटी बेटी से गोली चल गई, जो मेहविश को लगी और उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने मौके पर फर्श पर पड़े खून के धब्बों को मिटाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, साजिद ने मृतका के शव को अपने घर से हटाकर मृतका के घर पहुंचाया, जिससे घटनास्थल को बदलने का प्रयास किया गया।
इसके बाद तीनों अभियुक्त फरार होने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में साजिद पुत्र जुम्मा उम्र 50 वर्ष, सबीना पुत्री साजिद उम्र 18 वर्ष तथा फिजा पुत्री साजिद उम्र 20 वर्ष शामिल हैं। तीनों ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई, जनपद ऊधमसिंहनगर के निवासी हैं।
इस मामले के खुलासे और गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई मोहन चंद्र पाण्डेय, प्रभारी चौकी पैगा विक्रम सिंह धामी, अपर उपनिरीक्षक दीपक चौहान, कांस्टेबल हरीश नेगी, कांस्टेबल जगदीश दुगताल, महिला कांस्टेबल राधा गोस्वामी तथा कांस्टेबल धर्मेन्द्र भारती शामिल रहे।
