चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट, गैंग लीडर देवप्रयाग से गिरफ्तार

चमोली। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उनकी आस्था का फायदा उठाकर टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय संगठित गिरोह के विरुद्ध चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसते हुए गिरोह के गैंग लीडर सुनील कुमार को देवप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में 27 अप्रैल 2026 को कोतवाली श्री बद्रीनाथ में मु0अ0सं0 01/2026, धारा 303(2), 317(2), 112(2), 313 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि इस अपराध में शामिल आरोपी एक सुसंगठित अंतर्राज्यीय गिरोह के रूप में योजनाबद्ध तरीके से टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने मामले में गिरोह के चार सदस्यों कृष्ण कुमार निवासी भटिंडा, पंजाब, दिया निवासी मोरमंडी, भटिंडा, पंजाब, सुनील कुमार निवासी भरतपुर, राजस्थान, हाल निवासी भटिंडा, पंजाब तथा ललित कुमार निवासी अलवर, राजस्थान को गिरफ्तार किया था।
जांच के दौरान गिरोह की आपराधिक गतिविधियों की कई परतें खुलीं। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्यों ने श्री केदारनाथ धाम में भी टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना सोनप्रयाग में मु0अ0सं0 08/2026, धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत भी अभियोग पंजीकृत है।
गिरोह की संगठित आपराधिक गतिविधियों, लगातार आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता तथा जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए चमोली पुलिस ने आरोपियों का विस्तृत गैंगचार्ट तैयार किया। जिला मजिस्ट्रेट से गैंगचार्ट का अनुमोदन प्राप्त होने के बाद गिरोह और उसके सदस्यों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई।
चारधाम यात्रा जैसे संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाले अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मैनुअल पुलिसिंग, सुरागरसी-पतारसी और आधुनिक सर्विलांस तकनीक का उपयोग करते हुए गिरोह के गैंग लीडर सुनील कुमार को 11 सितंबर 2026 को देवप्रयाग से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि आस्था की आड़ में संगठित और अंतर्राज्यीय अपराध करने वालों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट सहित कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों के लिए जनपद चमोली में कोई जगह नहीं है और संगठित अपराध के विरुद्ध चमोली पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बद्रीनाथ महादेव उनियाल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गोविंदघाट चित्रगुप्त, हेड कांस्टेबल चंदन सिंह नागरकोटी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह रावत तथा कांस्टेबल चालक मनोज कुमार शामिल रहे।
