श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 घंटे में खुलासा

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 घंटे में खुलासा
Spread the love

उत्तरकाशी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नंदीगृह में स्थित दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने की घटना का कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने मात्र पांच घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की गई ₹1,60,295 की नकदी, 1130 सिक्के एवं 680 नेपाली नोट बरामद किए हैं।

12 सितम्बर 2026 को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त द्वारा कोतवाली उत्तरकाशी में तहरीर देकर बताया गया कि बीती रात्रि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर के नंदीगृह में स्थित दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी धनराशि चोरी कर ली गई है। तहरीर के आधार पर अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध धारा 305(ए) एवं 331(4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने चोरी की घटना के त्वरित खुलासे और अभियुक्त की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उत्तरकाशी बाजार, मंदिर परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी-पतारसी और अन्य पुलिस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मात्र पांच घंटे के भीतर घटना का खुलासा करते हुए अभियुक्त शुभम नौटियाल पुत्र लक्ष्मी प्रसाद नौटियाल, निवासी ज्ञानसू, जनपद उत्तरकाशी, उम्र 28 वर्ष को साल्ड बैण्ड, ज्ञानसू के पास से गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त के कब्जे से ₹1,60,295 नकद, 1130 सिक्के एवं 680 नेपाली नोट बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

घटना का त्वरित एवं सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने टीम को ₹2,500 के नगद पारितोषिक से पुरस्कृत किया। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त श्री अजय पुरी ने भी पुलिस टीम को ₹11,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।

पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिलमोहन बिष्ट, उपनिरीक्षक विनोद पंवार, मुख्य आरक्षी गोविन्द गुसाईं, मुख्य आरक्षी रणजीत कुमार, आरक्षी दीपक चौहान, आरक्षी सुनील मैथाणी, आरक्षी गजेन्द्र, आरक्षी नीरज रावत (एसओजी), आरक्षी काशीष भट्ट (एसओजी) एवं महिला आरक्षी लक्ष्मी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles